ग्वालियर , मई 6 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में दिनदहाड़े एक विधि छात्रा के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैंसर पहाड़िया स्थित महात्मा गांधी लॉ कॉलेज के पास एक कार सवार युवक छात्रा का अपहरण कर फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार द्वितीय वर्ष की छात्रा अपनी जूनियर सहपाठी के साथ कॉलेज के बाहर यात्री वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी एक युवक कार लेकर पहुंचा और जूनियर छात्रा को धक्का देकर पीड़िता को जबरन कार में बैठाकर ले गया। घटना के बाद सहपाठी ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शहरभर में नाकाबंदी कर अपहृत छात्रा और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। परिजनों ने आरोपी की पहचान जीतू तोमर निवासी डांग वाली पहाड़ी क्षेत्र के रूप में की है।

परिजनों के अनुसार आरोपी पूर्व में भी छात्रा को परेशान करता था और उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में कंपू थाना पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेजा था, जहां से वह हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था।

सीएसपी कंपू हिना खान ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और शहर में सघन नाकाबंदी की गई है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित