पौड़ी , मई 13 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले के एकेश्वर ब्लॉक स्थित भरपूर गांव में बुधवार को गुलदार के हमले से हड़कंप मच गया। घर के पास गोबर डालने गई एक महिला पर झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए गुलदार को खदेड़ दिया, जिससे महिला की जान बच सकी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भरपूर गांव निवासी 24 वर्षीय हेमा देवी आज घर के नजदीक गोबर डालने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगी।

महिला की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए गुलदार की ओर पत्थर फेंके, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों की तत्परता और बहादुरी से बड़ा हादसा टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित