भोपाल , मई 27 -- मध्यप्रदेश में भोपाल से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर हिंदू विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया है।
श्री शर्मा ने आज यहां कहा कि जवाहरलाल नेहरू से लेकर दिग्विजय सिंह तक कांग्रेस नेताओं की नजरों में हिंदू हमेशा खटकता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदुओं को दुश्मन के रूप में प्रस्तुत करती रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में देश का विभाजन हिंदुओं ने नहीं कराया था और उस समय विभाजन कराने वालों के साथ कांग्रेस खड़ी थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी अल्पसंख्यक राजनीति के नाम पर मुसलमानों को मुख्यधारा से जोड़ने के बजाय अलगाववाद और कट्टरता को बढ़ावा दे रही है।
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियों के कारण ही उसकी राजनीतिक स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि पहले जवाहरलाल नेहरू और अब वर्तमान कांग्रेस नेतृत्व हिंदू विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि हिंदू कभी सांप्रदायिक नहीं रहा और वह हमेशा दुनिया तथा मातृभूमि का सम्मान करने वाला रहा है। उन्होंने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने समर्थकों से पूछना चाहिए कि देश के मठ मंदिर किसने तोड़े और लोगों की मांग का सिंदूर किसने उजाड़ा। उन्होंने कहा कि अब हिंदू समाज जागरूक हो चुका है और अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए तैयार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित