चेन्नई , अक्टूबर 18 -- दिग्गज संगीतकार और गायक थेनिसै थेन्द्रल देवा का पार्थिव शरीर रविवार शाम तमिलनाडु के रानीपेट जिले के आर्कोट स्थित उनके पैतृक गांव सक्करामाल्लूर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। श्री देवा का निधन शनिवार को हो गया था।
उनके बेटे और जाने-माने संगीतकार श्रीकांत देवा ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। उनके पार्थिव शरीर को चंदन की लकड़ी के ताबूत में रखकर दफनाया गया और इस दौरान 21 तोपों की सलामी के साथ सेना की धुन बजाकर उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
इससे पहले, चेन्नई स्थित उनके आवास पर राजनीतिक दलों के दिग्गजों, मंत्रियों, तमिल फिल्म जगत के कलाकारों और आम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में अभिनेता से राजनेता बने मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय, द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन, उनके बेटे एवं अभिनेता-राजनेता उदयनिधि स्टालिन, अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी, डीएमडीके नेता प्रेमलता विजयकांत, अभिनेता-निर्देशक व एनटीके संस्थापक सीमन, अभिनेता रजनीकांत, कमल हासन, कई संगीतकार, निर्देशक, निर्माता, गीतकार वैमुथु और सिनेमा जगत की तमाम हस्तियां शामिल थीं।
तमिलनाडु के राज्यपाल आरवी अर्लेकर, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रमुख हस्तियों और अभिनेता-अभिनेत्रियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने तमिल सिनेमा को दुनिया भर में लोकप्रिय होने वाली 'गाना' बीट देने का श्रेय देवा को दिया।
कल पूरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने उनके पार्थिव शरीर के दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। आज दोपहर उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ले जाया गया, जहां भारी जनसैलाब ने उन्हें अंतिम सम्मान दिया और इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित