मुंबई , मार्च 16 -- घरेलू शेयर बाजारों में दिग्गज और बड़ी कंपनियों में लिवाली से सोमवार को बीएसई का सेंसेक्स 938.93 अंक (1.26 प्रतिशत) की बढ़त में 75,502.85 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 257.70 अंक यानी 1.11 प्रतिशत ऊपर 23,408.80 अंक पर पहुंच गया।
लगातार तीन दिन लुढ़कने के बाद दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में लौटे हैं। आज सुबह गिरावट में खुलने के बाद कुछ ही देर में ये बढ़त में चले गये। दोपहर बाद ग्राफ तेजी से ऊपर गया।
बड़ी कंपनियों के विपरीत मझौली तथा छोटी कंपनियों पर दबाव जारी रहा और वृहत बाजार में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.17 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.53 प्रतिशत टूट गया।
ऑटो, वित्त, बैंकिंग, एफएमसीजी और धातु समूहों की कंपनियों में जहां लिवाली हुई, वहीं तेल एवं गैस, स्वास्थ्य, फार्मा, रियलटी और रसायन समूहों के सूचकांक नीचे बंद हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर चार प्रतिशत से अधिक चढ़ा। ट्रेंट में तीन प्रतिशत की तेजी रही। एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल, बजाज फाइनेंस, आईटीसी और टाटा स्टील के शेयर दो से तीन प्रतिशत तक मजबूत हुए।
भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, इंडिगो, मारुति सुजुकी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर एक से दो प्रतिशत चढ़े। एशियन पेंट्स, एलएंडटी, अडानी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनीलिवर, कोटक महिंद्रा बैंक और टाइटन के शेयर भी हरे निशान में रहे। बीईएल का शेयर सवा दो प्रतिशत से अधिक गिर गया। सनफार्मा एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। पावरग्रिड, भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर भी टूट गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित