मुंबई , अप्रैल 16 -- घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को शुरुआती तेजी के बाद दिग्गज कंपनियों में ऊंचे भाव पर मुनाफावसूली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक गिरावट में बंद हुए।
सुबह 566 अंक चढ़कर खुलने वाला बीएसई का सेंसेक्स 122.56 अंक (0.16 प्रतिशत) गिरकर 77,988.68 अंक पर रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 34.55 अंक यानी 0.14 प्रतिशत नीचे 24,196.75 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में आज एक हजार अंक से अधिक का उतार-चढ़ाव रहा। यह ऊपर 78,730.32 अंक और नीचे 77,674.93 अंक तक गया।
प्रमुख सूचकांकों के विपरीत वृहत बाजार में सभी सूचकांक हरे निशान में रहे। मझौली और छोटी कंपनियों में अच्छी लिवाली देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.63 प्रतिशत ऊपर रहे।
धातु, आईटी और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में अच्छी तेजी थी। वहीं, ऑटो, बैंकिंग, वित्त और तेल एवं गैस समूहों ने बाजार पर दबाव बनाया।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक का शेयर पौने दो प्रतिशत और टाइटन का डेढ़ फीसदी टूट गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा में करीब एक प्रतिशत की गिरावट रही। भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और इंडिगो के शेयर भी फिसल गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित