चेन्नई , अगस्त 21 -- भारतीय सिनेमा की प्रतिष्ठित और बहुमुखी अभिनेत्रियों में शुमार अभिनेत्री साहुकार जानकी का शुक्रवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
वह 94 वर्ष की थी। कुछ दिनों पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था ,जहां उनका इलाज चल रहा था । उन्होंने आज अंतिम सांसे ली।
साहुकार जानकी के निधन के साथ ही सात दशकों से अधिक लंबे और तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम तथा अन्य भाषाओं सिनेमा की लगभग 400 फिल्मों में फैले उनके असाधारण करियर का अंत हो गया।
साहुकार जानकी ने तीन पीढ़ियों के कलाकारों और तीन मुख्यमंत्रियों एमजीआर, जे. जयललिता और एन. टी. रामाराव के साथ अभिनय किया था। इसके अलावा उन्होंने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के लिखे संवादों को भी अपनी आवाज दी। उन्होंने रजनीकांत और कमल हासन जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ भी काम किया।
भारतीय सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें कई प्रमुख सम्मानों से नवाजा गया, जिनमें कलाईमामणि, फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड - साउथ, साइमा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और 'इरु कोडुगल' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार शामिल हैं। केंद्र सरकार ने 2022 में उन्हें प्रतिष्ठित 'पद्म श्री' से सम्मानित किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित