नयी दिल्ली , मई 30 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को नरेंद्र मोदी सरकार को प्रमुख राष्ट्रीय परीक्षाओं के आयोजन में बार-बार होने वाली विफलताओं के लिए जिम्मेदार ठहराया और देश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया।

सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में श्री गांधी ने नीट, सीबीएसई, एसएससी और सीयूईटी से जुड़े हालिया विवादों को एक साथ जोड़ते आरोप लगाते हुए कहा, "चार परीक्षाएँ। एक करोड़ बच्चे। एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई।"उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, दावे "विश्वगुरु" के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते।" श्री गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है।

श्री गांधी ने एक राजनीतिक चेतावनी देते हुए लिखा कि जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं, वही पीढ़ी एक दिन आपसे हिसाब मांगेगी।

श्री गांधी का यह बयान तब आया है जब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की शनिवार को संचालित परीक्षा सीयूईटी (यूजी) 2026 के दौरान दिल्ली, बेंगलुरु और अन्य जगहों पर गड़बड़ियां आयीं। इस परीक्षा के तकनीकी संचालन का काम टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के पास था। कई केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ियां सामने आईं, जिससे हजारों परीक्षार्थियों की परीक्षा में बाधा आई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने इस समस्या को स्वीकार किया और प्रभावित उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय दिया, साथ ही दोपहर के कुछ सत्रों को स्थगित भी कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित