बेंगलुरु , मई 04 -- कर्नाटक के शिवाजीनगर से कांग्रेस विधायक रिजवान अरशद ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगियों ने दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में 'छोटी पार्टियों और निर्दलियों' के जरिए अल्पसंख्यक वोटों को बांटने की कोशिश की थी, लेकिन यह रणनीति विफल रही क्योंकि मतदाताओं ने कांग्रेस का जमकर समर्थन किया।

निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस की संभावित जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री अरशद ने कहा कि परिणाम ने उस 'साजिश' का पर्दाफाश कर दिया है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से मुसलमानों के वोटों को बांटकर कांग्रेस को कमजोर करना था।

विधायक ने यहाँ पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस पार्टी को हराने की चाह रखने वाले कुछ लोगों और भाजपा द्वारा रची गई सभी साजिशें बेनकाब हो गई हैं। दावणगेरे की जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया है और कांग्रेस पार्टी को अपना आशीर्वाद दिया है।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मुस्लिम समुदाय से कई उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर और छोटी पार्टियों को समर्थन देकर मुस्लिम मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा करने की कोशिश की गई थी।

श्री अरशद ने कहा कि मुस्लिम वोटों को बांटने की साजिश रची गई थी ताकि भाजपा जीत सके। वह साजिश अब सबके सामने है। मुस्लिम, हिंदू, ईसाई और सभी वर्गों के मतदाताओं ने मिलकर कांग्रेस पार्टी का साथ दिया है।

मैदान में एसडीपीआई उम्मीदवार सहित कई मुस्लिम उम्मीदवारों की उपस्थिति का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए निर्दलीयों और छोटी पार्टियों को परोक्ष रूप से प्रोत्साहित किया था।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि वोटों के बंटवारे के जरिए कांग्रेस को हराने के लिए भाजपा द्वारा छोटी पार्टियों का उपयोग करके चुनाव का एक नया मॉडल आजमाया जा रहा था। आज भाजपा में कांग्रेस पार्टी को सीधे हराने की ताकत नहीं है। वे निर्दलीयों को मैदान में उतार रहे हैं, उन्हें समर्थन दे रहे हैं और छोटी पार्टियों को फंडिंग कर रहे हैं।

श्री अरशद ने दावा किया कि पूरे दक्षिण भारत में भाजपा राजनीतिक रूप से कमजोर हो रही है और इस क्षेत्र के लोगों ने भगवा पार्टी को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि केरल और कर्नाटक में कांग्रेस मजबूत होकर उभरी है और तेलंगाना में भी हमारी सरकार है। दक्षिण भारत के लोगों ने भाजपा को हराया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित