दावणगेरे , अप्रैल 02 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने गुरुवार को ऐतिहासिक हजरत सैयद कड़क चमन शाहवली दरगाह पर पारंपरिक चादर चढ़ाकर अपनी चुनावी मुहिम को एक नया रंग दे दिया। दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के बेहद कड़े मुकाबले के बीच, मुख्यमंत्री का यह दौरा महज एक धार्मिक यात्रा न होकर एक बड़ा 'राजनीतिक बयान' माना जा रहा है।

दरगाह में सिर झुकाए और चादर ओढ़े मुख्यमंत्री की यह तस्वीर इस वक्त पूरे चुनाव अभियान का सबसे चर्चित चेहरा बन गई है, जिसमें आस्था और चुनावी रणनीति का अनूठा संगम दिख रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उपचुनाव की इस जंग में श्री सिद्दारमैया का यह कदम अल्पसंख्यक समुदाय के बीच पैठ मजबूत करने और सामाजिक सद्भाव के संदेश के जरिए भाजपा उम्मीदवार श्रीनिवास दासकरियप्पा की घेराबंदी करने की एक सधी हुई कोशिश है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित