सागर , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के मालथौन विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला गीधा में मध्यान्ह भोजन की दाल में इल्लियां (कीड़े) पाए जाने के मामले में संबंधित महिला स्वसहायता समूह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही समूह का अनुबंध अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जनपद शिक्षा केन्द्र मालथौन के अंतर्गत संचालित शासकीय प्राथमिक शाला गीधा में मध्यान्ह भोजन वितरण के लिए संलग्न सोना महिला स्वसहायता समूह द्वारा वितरित दाल में इल्लियां पाए जाने की शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई।
जांच में मध्यान्ह भोजन योजना के अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केन्द्र मालथौन ने समूह को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए उसका अनुबंध अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया।
सूचना पत्र में समूह को तीन दिन के भीतर स्वयं उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें कहा गया है कि मध्यान्ह भोजन वितरण में बरती गई लापरवाही अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन है। यदि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो समूह के साथ किया गया अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित