सिलीगुड़ी , अगस्त 07 -- राज्यसभा सदस्य हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जल्द ही दार्जिलिंग के दौरे पर आयेंगे।

श्री श्रृंगला ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में श्री शाह से मुलाकात की और गोरखा समुदाय तथा दार्जिलिंग के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस प्रस्तावित दौरे से गोरखा समुदाय की उम्मीदों और दार्जिलिंग की पहाड़ियों के विकास की मुख्य प्राथमिकताओं पर चर्चा करने का मौका मिलेगा।

श्री श्रृंगला के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री ने देश के लिए गोरखा समुदाय के बड़े योगदान को माना और कहा कि उनके योगदान और उम्मीदों को उचित पहचान मिलनी चाहिए।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "सड़क और परिवहन, बुनियादी ढांचे, पर्यटन, रोजगार के अवसरों और दार्जिलिंग की पहाड़ियों एवं पूरे उत्तर बंगाल क्षेत्र में विकास को मजबूत करने के तरीकों पर भी सार्थक चर्चा हुई।"उम्मीद है कि श्री शाह जल्द ही दार्जिलिंग का दौरा करेंगे और श्री श्रृंगला भी उनके साथ इस दौरे पर जा सकते हैं। यह प्रस्तावित दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि इससे दार्जिलिंग की पहाड़ियों से जुड़े मुद्दों - जैसे विकास, कनेक्टिविटी और रोजगार के अवसर - पर सीधे बातचीत हो सकेगी।

नयी दिल्ली में हुई बैठक और दार्जिलिंग के प्रस्तावित दौरे को केंद्र सरकार के इस क्षेत्र और गोरखा समुदाय के साथ जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित