हैदराबाद , अप्रैल 07 -- तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने राज्य में कैंसर उपचार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य के मंगलवार को निज़ाम आयुर्विज्ञान संस्थान (निम्स) के कैंसर ब्लॉक में 33 करोड़ रुपये की उन्नत लीनियर एक्सेलेरेटर (लिनाक) सेवाओं का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद, श्री राजनरसिम्हा ने परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर के साथ संस्थान में एक महिला कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का भी शुभारंभ किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अत्याधुनिक लिनाक सुविधा रेडिएशन थेरेपी को अत्यधिक सटीक बनाएगी और उपचार के दौरान स्वस्थ ऊतकों को होने वाले नुकसान को कम करते हुए ट्यूमर को लक्षित करेगी। उन्होंने उल्लेख किया कि उन्नत ट्रू-बीम तकनीक कम अवधि में उपचार के बेहतर परिणाम देने में मदद करेगी।
मंत्री ने राज्य में बढ़ते कैंसर के बोझ पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सालाना लगभग 55,000 से 60,000 नए मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि शुरुआती चरण में ही कैंसर की पहचान हो जाए तो इलाज संभव है।
श्री राजनरसिम्हा ने कहा कि सरकार कैंसर देखभाल सेवाओं के विस्तार के लिए कदम उठा रही है, जिसमें सभी जिला मुख्यालयों में डे-केयर कैंसर केंद्र स्थापित करना और मुलुगु तथा आदिलाबाद जैसे दूरदराज के क्षेत्रों में कीमोथेरेपी सेवाओं का विस्तार करना शामिल है।
स्वास्थ्य मंत्री ने निवारक पहलों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शुरुआती निदान सुनिश्चित करने के लिए स्वयं सहायता समूहों की लगभग 46 लाख महिलाओं की बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य जांच की जा रही है। उन्होंने एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने की भी घोषणा की, जिसके तहत सर्वाइकल कैंसर को रोकने के लिए 14 से 15 वर्ष की लड़कियों को मुफ्त टीके लगाए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि कैंसर को एक अधिसूचित बीमारी घोषित किया गया है और सटीक डेटा संग्रह और बेहतर नीति बनाने तथा लागू करने के लिए कैंसर रजिस्ट्री प्रणाली शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों सहित समाज के सभी वर्गों को उन्नत उपचार प्रदान करने के लिए सरकारी अस्पतालों को मजबूत किया जा रहा है और अब सभी सरकारी अस्पतालों में पैलिएटिव केयर सेवाएं उपलब्ध हैं।
श्री राजनरसिम्हा ने जोर देकर कहा कि कैंसर से लड़ने के लिए सरकारी पहलों के साथ-साथ सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित