पटना , सितंबर 19 -- बिहार और झारखंड के युवाओं के लिए सेना भर्ती रैली का आयोजन 22 सितंबर से छह अक्टूबर तक दानापुर छावनी स्थित न्यू केएलपी ग्राउंड, चांदमारी में किया जाएगा।

पटना जिला प्रशासन से जारी सूचना के अनुसार इस भर्ती रैली के लिए सेना की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। भर्ती प्रक्रिया, कार्यक्रम और अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के लिए 20 सितंबर को मीडिया ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी।

मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (बिहार एवं झारखंड), दानापुर कैंट की ओर से पटना के जिलाधिकारी को भेजे गये पत्र में बताया गया है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर से छह अक्टूबर तक न्यू केएलपी ग्राउंड, चांदमारी, दानापुर कैंट में सेना भर्ती रैली आयोजित की जानी है। पत्र में भर्ती रैली की जानकारी को व्यापक स्तर पर युवाओं तक पहुंचाने के लिए बिहार के प्रमुख प्रिंट, डिजिटल और सोशल मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों को मीडिया ब्रीफिंग में आमंत्रित करने का अनुरोध किया गया है।

सेना की ओर से जिलाधिकारी को भेजे पत्र के अनुसार मीडिया ब्रीफिंग 20 सितंबर को सुबह 10.30 बजे दानापुर स्थित भर्ती कार्यालय में होगी। इसमें मीडिया प्रतिनिधियों को भर्ती रैली के कार्यक्रम, रिपोर्टिंग की तिथियों एवं समय, भर्ती प्रक्रिया के संचालन, महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों तथा इससे जुड़े अन्य आवश्यक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित