ग्रेटर नोएडा , जून 17 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के चिटहेरा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति पर पत्नी का गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है।

पुलिस ने बुधवार को इस घटना के संबंध जानकारी देते हुए बताया कि डायल-112 के माध्यम से दादरी थाना पुलिस को सूचना मिली कि चिटहेरा गांव निवासी मोहित पुत्र अनूप ने पत्नी कविता की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मोहित और कविता ने करीब नौ वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं, आरोपी के संबंध में भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रकरण में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित