देहरादून , अगस्त 01 -- उत्तराखंड के देहरादून जिला पुलिस ने सचिवालय में वैयक्तिक सचिव (पर्सनल सेक्रेटरी) के पद पर कार्यरत एक युवक और उसकी बहन को पत्नी की हत्या के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया। इस मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही अपराध शाखा - आपराधिक जांच विभाग (सीबीसीआईडी) को जांच के आदेश दे चुके हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि 29 जुलाई को सीमा कण्डारी नामक महिला ने कोतवाली डोईवाला पर एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने अपनी पुत्री सृष्टि कण्डारी का विवाह नवम्बर 2025 में सौरभ खत्री के साथ होने की बात कही। जो लक्ष्मण एन्कलेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला, देहरादून में रहते हैं। विवाह के बाद से ही पुत्री के ससुराल पक्ष उसे दहेज के लिए प्रताडित करने लगे थे। वादिनी ने अपनी पुत्री की हत्या किए जाने संबंधी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डोईवाला पर धारा 80(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) बनाम सौरभ खत्री का मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि आरोपी सरकारी कार्मिक होने और दहेज प्रकरण होने पर इस की विवेचना क्षेत्राधिकारी डोईवाला वन्दना वर्मा के सुपुर्द की गई। साथ ही, उनके नेतृत्व मे विशेष टीम का गठन की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित