पंचकूला , जुलाई 20 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक के दौरान दहेज उत्पीड़न के एक मामले की जांच में कथित लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने महिला थाना सेक्टर-16 की एसएचओ राजेश कुमारी और एएसआई कविता को निलंबित करने के निर्देश देते हुए कहा कि दोनों को कानून की बेहतर जानकारी की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी सिफारिश की कि निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय भौंडसी रखा जाए।

बैठक में सेक्टर-15 निवासी मनीषा ने शिकायत करते हुए बताया कि शादी के बाद ससुराल पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया और उसके पिता से 6 लाख रुपये नकद लिए। आरोप है कि पुलिस ने जांच के दौरान न तो 6 लाख रुपये के लेन-देन का उल्लेख किया और न ही ससुर का नाम मामले में शामिल किया। अब पुलिस अदालत में आवेदन देकर नाम जोड़ने की बात कह रही है। शिकायतकर्ता ने जांच में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित