सहारनपुर , जून 4 -- भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने गुरुवार को सहारनपुर के तीतरो थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आसफगढ़ पपड़ी चौकी प्रभारी एवं उपनिरीक्षक देशपाल सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण विभाग के निरीक्षक कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई दोपहर करीब 12:30 बजे की गई। पुलिस के अनुसार ग्राम आसफगढ़ पपड़ी के प्रधान संजीव कुमार ने गांव निवासी मुकेश कुमार के विरुद्ध कूड़ा ढोने वाली रेहड़ी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि मामले में कार्रवाई के नाम पर उपनिरीक्षक देशपाल सिंह मुकेश कुमार से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे।
इस संबंध में मुकेश कुमार ने भ्रष्टाचार निवारण विभाग से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के बाद विभाग की टीम ने जाल बिछाया। निरीक्षक कुशलवीर सिंह के नेतृत्व में टीम तीतरो पहुंची और थाने के बाहर निगरानी शुरू की। निर्धारित योजना के तहत रासायनिक पाउडर लगे 10 हजार रुपये शिकायतकर्ता को दिए गए।
बताया गया कि मुकेश कुमार ने उपनिरीक्षक देशपाल सिंह को थाने के बाहर बुलाकर रुपये सौंप दिए। जैसे ही उपनिरीक्षक ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद भ्रष्टाचार निवारण टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना नानौता में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। गिरफ्तार उपनिरीक्षक को आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण एवं अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए टीम अपने साथ ले गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित