भिवानी , अगस्त 06 -- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2025 के अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन 10 से 12 अगस्त तक कराने का निर्णय लिया है।

बोर्ड अध्यक्ष शंकर धूपड़ ने बताया कि चार और पांच जुलाई, 2026 को आयोजित एचटेट परीक्षा का परिणाम जल्द घोषित किया जाएगा। परिणाम जारी करने से पहले सभी अभ्यर्थियों के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए हरियाणा के सभी 22 जिलों में बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन केंद्र स्थापित किये गये हैं। अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी अपने निकटवर्ती हरियाणा जिला मुख्यालय में पहुंचकर यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। विशेष परिस्थितियों में अभ्यर्थी प्रदेश के किसी भी निर्धारित केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकता है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को अपना मूल प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन विद्यालयों में बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गयी है, उनकी सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करायी गयी है। परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित