लखनऊ , जनवरी 13 -- लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर स्थित परांजपे पवेलियन ग्राउंड में मंगलवार को लखनऊ की 10 वर्षीय मेधावी छात्रा अर्यमा शुक्ला ने अद्भुत स्मरण शक्ति का प्रदर्शन करते हुए दो गिनीज बुक वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। अर्यमा की तरफ से यह प्रयास "मोस्ट डेसिमल प्लेसेस ऑफ इयूलर रिकॉल्ड इन 1 मिनट" तथा "मोस्ट डेसिमल प्लेसेस ऑफ पाई रिकॉल्ड इन 1 मिनट" श्रेणियों में किया गया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार अर्यमा ने आंखों पर पट्टी बांधकर एक मिनट में इयूलर संख्या के 360 दशमलव अंक बोलकर नया रिकॉर्ड बनाने का दावा किया। वर्तमान में इस श्रेणी में रिकॉर्ड 281 अंक का है, जो अमेरिका की सांची गौरीनेनी के नाम दर्ज है।

इसी क्रम में अर्यमा ने पाई (पीआई) की दशमलव संख्याओं के रिकॉर्ड में भी चुनौती पेश की। बताया गया कि वर्तमान में पाई संख्या का रिकॉर्ड 598 अंक का है, जो चीन के फआंग झाऊ के नाम दर्ज है। अर्यमा ने एक मिनट में 630 अंक सुनाकर उसे भी पीछे छोड़ने का दावा किया।

इस मौके पर आयोजन में गिनीज रिकॉर्ड के सत्यापन हेतु आवश्यक प्रक्रिया के अंतर्गत बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. कमलेश कुमार स्वतंत्र साक्षी (आत्मनिर्भर गवाह) के रूप में मौजूद रहे। वहीं गणित विशेषज्ञ की भूमिका नेशनल पीजी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निर्मल श्रीवास्तव ने निभाई। समय-निर्धारण (टाइम कीपिंग) के लिए डॉ. मोहम्मद तारिक और डॉ. शरद चौरसिया भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित