रायपुर , अगस्त 09 -- दाऊदी बोहरा समुदाय के 53वें धर्मगुरु परम पावन सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन सोमवार,10 अगस्त को मुंबई से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर रायपुर के दाऊदी बोहरा समाज में विशेष उत्साह है। स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचने के बाद वे शहर में प्रवास करेंगे और समुदाय के सदस्यों से मुलाकात एवं संवाद करेंगे।

करीब एक दशक के अंतराल के बाद सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के रायपुर आगमन को देखते हुए उनके स्वागत के लिए समाज के हजारों सदस्य कम्युनिटी सेंटर में जुटेंगे। प्रवास के दौरान वे आस्था, सामाजिक जिम्मेदारी तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति सेवा से जुड़े विषयों पर समुदाय के लोगों का मार्गदर्शन करेंगे।

इस दौरान आमानाका में नवनिर्मित मस्जिद के उद्घाटन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित बताया जा रहा है।

रायपुर में दाऊदी बोहरा समुदाय के मीडिया समन्वयक इदरीस हैदरी ने बताया कि पिछले दस वर्षों में सैयदना का यह पहला रायपुर दौरा है। उन्होंने कहा कि धर्मगुरु के आगमन को लेकर समाज के परिवारों में विशेष उत्साह है। बच्चों और युवा सदस्यों के लिए अपने धर्मगुरु से रायपुर में सीधे मिलने का अवसर लंबे समय तक यादगार रहेगा।

सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन भारत के साथ ही विभिन्न देशों में रहने वाले दाऊदी बोहरा समुदाय के सदस्यों के बीच नियमित रूप से पहुंचकर संवाद करते हैं। उनके इन प्रवासों के दौरान शिक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी, आर्थिक सशक्तीकरण और व्यापक समाज की सेवा से जुड़ी स्थानीय पहलों को प्रोत्साहन दिया जाता है। समुदाय के बीच उनके प्रवास को मार्गदर्शन के साथ सामाजिक गतिविधियों को गति देने वाला माना जाता है।

रायपुर में दाऊदी बोहरा समुदाय के 400 से अधिक परिवार निवासरत हैं। समुदाय के लोग शहर में हार्डवेयर, कृषि उपकरण, प्रिंटिंग और कपड़ा उद्योग सहित विभिन्न व्यवसायों से जुड़े हैं। धर्मगुरु के आगमन को लेकर समाज के सदस्यों द्वारा स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित