जयपुर , अक्टूबर 12 -- प्रवासी राजस्थानी दिवस का दूसरा संस्करण आगामी दस दिसंबर को राजधानी जयपुर में आयोजित किया जायेगा और इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन शुरु कर दिया गया हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित इस आयोजन में भारत और दुनिया भर से प्रवासी राजस्थानियों के साथ-साथ कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधि, उद्यमी, प्रोफेशनल्स्, युवा और विभिन्न क्षेत्र के दिग्गज, विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स शामिल होंगे।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन संबंधित वेब लिंक राइजिंगडाटराजस्थानडाटजीओवीडाटइन/प्रवासीडेसदिवस/रजिस्ट्रेशन के माध्यम से शुरू हो चुका है। प्रवासी राजस्थानी दिवस की शुरुआत राजस्थान सरकार द्वारा राज्य और देश-विदेश में बसे उसके प्रवासी समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत करने तथा प्रवासी राजस्थानियों को राज्य की विकास यात्रा में जुड़ने, सहयोग करने और योगदान देने के लिए एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से की गयी थी।
इसका पहला संस्करण गत वर्ष दस दिसंबर को आयोजित किया गया था, जिसमें भारत और विदेशों से लगभग पांच हजार प्रवासी राजस्थानियों एवं अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
वर्ष 2026 के संस्करण की परिकल्पना सार्थक संवाद और विचारों के आदान-प्रदान के एक मंच के रूप में की गयी है। इसमें राजस्थान से जुड़े या राज्य के विकास में रुचि रखने वाले विभिन्न क्षेत्रों के स्टेकहोल्डर्स एक साथ आयेंगे। यह आयोजन प्रवासी राजस्थानियों को सरकारी प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के अग्रणी निवेशकों और विभिन्न सेक्टर्स के विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही नेटवर्किंग और संभावित सहयोग के नए अवसरों की तलाश को भी प्रोत्साहित करेगा।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों पर केंद्रित सत्र भी आयोजित किये जायेंगे, जिनमें विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और अन्य संबधित प्रमुख क्षेत्रों में उभरते अवसरों, निवेश की संभावनाओं और सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन, अर्बन डवलपमेंट, उद्योग, एनर्जी, माइन्स जैसे विषयों पर सत्र के साथ-साथ 'प्रवासी राजस्थानी' सत्र भी शामिल होगा।
यह आयोजन केवल प्रवासी राजस्थानियों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि इसका उद्देश्य व्यवसाय जगत के अग्रणी निवेशकों, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों, उद्यमियों, प्रोफेशनल्स्, स्टार्टअप्स, युवाओं, नवाचारकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र के संगठनों सहित, व्यापक स्टेकहोल्डर्स समूह को अवसर प्रदान करना है। संवाद और नेटवर्किंग के माध्यम से यह आयोजन ज्ञान, विशेषज्ञता और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा तथा साझेदारियों और राजस्थान की विकास यात्रा में व्यापक भागीदारी के नए अवसर सृजित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित