धार , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पिछले 10 दिनों में व्यापक कार्रवाई करते हुए 187 प्रकरण दर्ज किए और 101 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 29 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब जब्त की गई है।
कलेक्टर राजीव रंजन मीणा के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग की टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान चलाकर होटल, ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। फोरलेन मार्गों पर रात के समय गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध वाहनों की तलाशी भी ली जा रही है।
विभाग के अनुसार जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब से संबंधित कोई प्रकरण सामने नहीं आया है। हालांकि, किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए विभाग सतर्क है। लाइसेंसी ठेकेदारों को आवंटित शासकीय शराब दुकानों से भी शराब के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान 489 लीटर देशी मदिरा, 1,265 लीटर हाथ भट्टी शराब, 25 लीटर ताड़ी, 132 लीटर विदेशी मदिरा, 346 लीटर बीयर तथा 22 हजार किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया है। विभागीय टीमों ने अवैध शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे महुआ लहान के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के संभावित ठिकानों की लगातार निगरानी की जा रही है। सहायक आबकारी आयुक्त श्री अवस्थी ने जिले के सभी वृत्त अधिकारियों और सहायक जिला आबकारी अधिकारियों की बैठक लेकर लगातार सर्चिंग अभियान चलाने तथा जब्त मदिरा के समय-समय पर सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं। अवैध शराब के परिवहन को रोकने के लिए विभाग ने विशेष रणनीति भी तैयार की है।
सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी ने बताया कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध शराब के परिवहन और विक्रय के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अभी तक संदिग्ध जहरीली शराब को लेकर कोई प्रकरण सामने नहीं आया है, लेकिन विभागीय टीमें पूरी तरह अलर्ट हैं। जब्त शराब के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा रहे हैं और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई, डॉ. निलेश नेमा, आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला, संग्राम सिंह गोरे, मुनेंद्र जादौन, अश्विनी रोजड़े, वर्षा राजपूत, जितेंद्र राठौर सहित विभागीय स्टाफ द्वारा की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित