चंडीगढ़ , मार्च 25 -- पंजाब प्रदेश आम आदमी पार्टी (आप) के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने बुधवार को भगवंत मान सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशाल राज्यव्यापी जनसंपर्क अभियान की घोषणा की।
श्री अरोड़ा ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आप सरकार ने राज्य के प्रमुख क्षेत्रों में बदलाव लाते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित शासन प्रदान किया है। इस अभियान के तहत अगले 10 दिनों में 16,000 रैलियों, जन सभाओं और नुक्कड़ बैठकों के माध्यम से सरकार का रिपोर्ट कार्ड सीधे जनता तक पहुँचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कल से एक विशाल जनसंपर्क अभियान शुरू होगा जिसके तहत अगले 10 दिनों में पूरे पंजाब में 16,000 रैलियां और बैठकें की जाएंगी। यह अभियान भगवंत मान सरकार के चार साल पूरे होने का प्रतीक है, जिसने अरविंद केजरीवाल के वैचारिक मार्गदर्शन में अभूतपूर्व शासन दिया है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में मंत्री, विधायक, चेयरमैन और जमीनी स्तर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा, "हम अपना चार साल का रिपोर्ट कार्ड हर गांव, हर गली और हर घर तक ले जाएंगे। पार्टी का हर सिपाही इस अभियान का हिस्सा बनेगा।" पार्टी की वैचारिक नींव पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हमेशा 'काम की राजनीति' पर जोर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित