खरगोन , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चैनपुर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल बरामद की हैं। जब्त हथियारों और मोटरसाइकिल की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा के अनुसार, 26 अगस्त को चैनपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शक्करखेड़ी गांव निवासी रूपेश मोटरसाइकिल से सिगनूर गांव के एक सिकलीगर से अवैध हथियार खरीदकर कठोड़ा रोड से झिरन्या की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक गणपत कनेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर करानिया फाटा पर घेराबंदी की गई।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर झोला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम रूपेश, निवासी शक्करखेड़ी बताया। तलाशी लेने पर उसके झोले से 10 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल बरामद हुईं।
पुलिस ने हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद पिस्टलों की कीमत करीब दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान उससे हथियारों की खरीद के स्रोत और अवैध हथियार तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में उसके खिलाफ वर्ष 2024 में भीकनगांव थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज होना सामने आया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित