वाराणसी , सितंबर 25 -- गंगा में आई बाढ़ के बाद घाटों की स्वच्छता बहाल करने के लिए वाराणसी नगर निगम और नमामि गंगे की टीम ने शुक्रवार को दशाश्वमेध घाट पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान गंगा नदी से एक टन से अधिक कचरा और पूजा सामग्री निकाली गई।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित अभियान के दौरान लोगों से पितृपक्ष में स्वच्छता अपनाकर पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि देने की अपील की गई।
श्री शुक्ला ने बताया कि बाढ़ के बाद गंगा की तलहटी और सतह पर पूजा सामग्री, कचरा और अन्य अवशिष्ट जमा हो जाते हैं, जिससे गंगाजल प्रदूषित होता है। घाटों पर जमा सिल्ट और कचरा पर्यटकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहा है। इसे देखते हुए नगर निगम और नमामि गंगे की टीम लगातार सफाई अभियान चला रही है।
उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि देने के साथ गंगा घाटों और जलाशयों को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना जरूरी है। अभियान में प्रियंवदा दुबे, दिनेश चौधरी सहित अन्य स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित