भोपाल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दशहरा पर्व पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। रावण दहन के प्रमुख कार्यक्रमों और श्री रामविजय रथ यात्रा के चलते कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। नगरीय यातायात पुलिस के अनुसार, दोपहर दो बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि शाम पांच बजे के बाद आवश्यकता के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में डायवर्जन लागू किया जाएगा।
शहर के 18 प्रमुख मैदानों में रावण दहन होगा। इसके अलावा करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। भारी वाहन खजूरी बायपास, मुबारकपुर चौराहा, नया बायपास लांबाखेड़ा, चौपड़ाकला बायपास, पटेलनगर, भानपुर, बेस्टप्राइज, करोंद चौराहा, लालघाटी, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, सुभाष नगर फाटक, जिन्सी चौराहा, हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील से दोपहर दो बजे के बाद शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
छोला दशहरा मैदान जाने वाले हल्के और दोपहिया वाहनों को भानपुर चौराहे से आगे जाने की अनुमति तभी होगी, जब वे रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हों। नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन बेस्टप्राइज तिराहा, कृषि उपज मंडी, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा या गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज के रास्ते जा सकेंगे। विदिशा और बैरसिया की ओर से आने वाली नादरा तथा पुतलीघर बस स्टैंड जाने वाली बसें शाम छह बजे के बाद दोनों बस स्टैंड तक नहीं जा सकेंगी।
श्री रामविजय रथ यात्रा मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से शुरू होकर चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास और छोटे भैया चौराहे से होते हुए नादरा बस स्टैंड और फिर छोला दशहरा मैदान पहुंचेगी। यात्रा के नादरा बस स्टैंड पहुंचने पर भोपाल टॉकीज चौराहे और अल्पना तिराहे से नादरा की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। छोला मैदान जाने वाले वाहनों के लिए काजी कैंप, डीआईजी बंगला, जेपी नगर तिराहा, कृषि उपज मंडी के सामने और बेस्टप्राइज से होकर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
छोला मैदान में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग रेलवे गोदाम के पास, टिंबर मार्केट और स्टेडियम के समीप रहेगी। भेल दशहरा मैदान के आसपास चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर छह, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के पास यातायात का दबाव रहने की संभावना है। एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर से मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहा, जवाहरलाल नेहरू गुलाब उद्यान होते हुए आगे जा सकेंगे।
शहर के पुराने हिस्से में अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक पथ संचलनों के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है।
बैरागढ़, गांधीनगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी, अयोध्या नगर, भेल, एमवीएम कॉलेज, विट्ठल मार्केट, लहारपुरा, पांच नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड में रावण दहन के बड़े आयोजन होंगे। यातायात पुलिस ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर घर से निकलने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित