चंडीगढ़ , अक्टूबर 19 -- कल चंडीगढ़ में दशहरा पर्व पर शहर के प्रमुख मैदानों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। मंगलवार को सेक्टर-17, सेक्टर-34 और सेक्टर-46 के आसपास शाम 5 से 7 बजे तक कई सड़कों पर यातायात नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

सेक्टर-17 परेड ग्राउंड में दशहरा समारोह के दौरान अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। इसके मद्देनजर शाम 5 से 7 बजे तक आईएसबीटी-17 चौक की ओर आने वाले यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। 17/18 लाइट प्वाइंट, अरोमा लाइट प्वाइंट, सेक्टर-18/19/20/21 चौक और क्रिकेट स्टेडियम चौक से आने वाले वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित रहेगी।

सेक्टर-45/46 लाइट प्वाइंट से दशहरा मैदान और सेक्टर-46 बी-सी टी-प्वाइंट की ओर जाने वाले यातायात को भीड़ कम करने के लिए डायवर्ट किया जाएगा। वाहन चालकों के लिए सेक्टर-46 मार्केट पार्किंग और सेक्टर-46डी बूथ मार्केट के पास पार्किंग की व्यवस्था बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित