नयी दिल्ली , अक्टूबर 18 -- युवा कांग्रेस ने इस दशहरा पर 'डिजिटल रावण दहन' अभियान शुरू किया है जिसके तहत देशभर में नागरिकों से 'भारत के रावण के दस सिरों' के लिए ऑनलाइन मतदान करने की अपील की गई है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरुण पांडेय ने रविवार को बताया कि इस अभियान का समापन 20 अक्टूबर को शाम 7.30 बजे आभासी रावण दहन कार्यक्रम के साथ होगा। इसे 'आभासी जंतर-मंतर' नाम दिया गया है। अभियान में भाग लेने के लिए नागरिक डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉट जंतरमंतर डॉट कॉम पर जाकर मतदान कर सकते हैं।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से चुनाव में वोट चोरी, चुनावी पारदर्शिता और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े सवालों को जनता के बीच ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव के दिन मतदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्ता में बैठे लोगों को जवाबदेह बनाने का नाम भी है।

श्री चिब ने कहा कि इस पहल के माध्यम से युवाओं और नागरिकों को राष्ट्रीय विमर्श में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और कोई भी संस्था या व्यक्ति जनता के सवालों और जवाबदेही से ऊपर नहीं हो सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित