यमुनानगर , अक्टूबर 19 -- दशहरा पर्व के मद्देनजर हरियाणा में यमुनानगर जिला पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए लगभग 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा के मद्देनजर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है और सभी प्रमुख दशहरा स्थलों पर डीएसपी स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी को जिंदल पार्क यमुनानगर, मॉडल टाउन दशहरा ग्राउंड, राम पार्क रामपुरा कॉलोनी और पटेल नगर पार्क गुलाब नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मुख्यालय कमलजीत सिंह को हनुमान गेट जगाधरी, सेक्टर-18 हुड्डा जगाधरी और तेजली खेल परिसर के सामने के कार्यक्रमों का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
डीएसपी रादौर सुनील कुमार को रेलवे वर्कशॉप ग्राउंड, रॉयल गार्डन गोगामेड़ी के पास रादौर और डीएसपी साढौरा रमेश कुमार को लक्ष्मी नारायण मंदिर साढौरा, संस्कृत मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल व्यासपुर और छछरौली के ग्राउंड की जिम्मेदारी दी गई है। डीएसपी रजत गुलिया को सुल्तानपुर रोड सरस्वती नगर और आईटीआई के सामने मंडी मैदान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के रावण दहन स्थलों पर मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक दशहरा मैदान के चारों ओर बैरिकेडिंग की जाएगी। जिले में तैनात सभी पीसीआर, पुलिस राइडर, ईआरवी गाड़ियों, 16 एंबुलेंस, 16 फायर ब्रिगेड गाड़ियों और 16 रिकवरी वैन को अलर्ट पर रखा गया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 'दुर्गा शक्ति टीम' की तैनाती भी की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ को देखते हुए महिलाओं से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शॉपिंग के दौरान पर्स, मोबाइल और आभूषणों का विशेष ध्यान रखें और कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। जिले की सभी सीमाओं पर नाकों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित