सुकमा , सितंबर 01 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के सुदूर वनांचल और अति-संवेदनशील क्षेत्र टेटरई में बीएसएनएल का मोबाइल टावर स्थापित होने के बाद नेटवर्क सेवा शुरू हो गई है। जिला मुख्यालय से करीब 190 किलोमीटर दूर कोंटा विकासखंड के इस गांव में मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध होने से दो हजार से अधिक ग्रामीणों को संचार और डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार भौगोलिक विषमताओं और दुर्गम परिस्थितियों के कारण टेटरई सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की सुविधा से वंचित थे। ग्रामीणों को फोन पर संपर्क करने के लिए भी कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। नया मोबाइल टावर शुरू होने के बाद अब ग्रामीण अपने गांव से ही मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे।
नेटवर्क सुविधा शुरू होने का विशेष लाभ क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र अब ऑनलाइन कक्षाओं, ई-लाइब्रेरी और डिजिटल अध्ययन सामग्री का उपयोग कर सकेंगे। वहीं स्थानीय वनोपज, लोककला और हस्तशिल्प से जुड़े ग्रामीणों के लिए भी डिजिटल माध्यमों से बाजार तक पहुंच बनाने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होने से डिजिटल बैंकिंग, ई-केवाईसी और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) जैसी सरकारी एवं वित्तीय सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही बीमारी, दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस और प्रशासन से तत्काल संपर्क स्थापित करने में भी सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित