चंडीगढ़ , फरवरी 22 -- पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने फाजिल्का के बस्ती हजूर में सरकारी प्राइमरी स्कूल की इमारत की खराब हालत का पता लगने के तुरंत बाद इस स्कूल की इमारत के नए तौर से निर्माण करवाने के आदेश दिए है।
शिक्षा मंत्री ने रविवार को तुरंत कार्रवाई करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए और भरोसा दिया कि स्कूल की नई इमारत छह महीनों के अंदर पूरी हो जाएगी, जिसकी वह निजी तौर पर निगरानी करेंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बस्ती हजूर में सरकारी स्कूल की खराब हालत के बारे में कल उन्हें बताया गया। उन्होंने कहा कि इस स्कूल के पास अगले छह महीनों में एक नई इमारत होगी और यह कोई राजनीतिक बयान नहीं; बल्कि उनकी निजी गारंटी है।
राज्य के स्कूली बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधारों के बारे में बात करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब में लगभग 20,000 सरकारी स्कूल हैं, जिनमें से ज्यादातर स्कूल हमें पिछली सरकारों की दशकों की लापरवाही के कारण पूरी तरह खस्ता हालत में विरासत में मिले।उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले कुछ सालों में सैकड़ों ऐसे स्कूलों की सूरत बदल दी है और यह काम पूरे जोर-शोर से जारी है। उन्होंने कहा कि हम राज्य के सभी 20,000 स्कूलों की कायाकल्प करने के मिशन पर है और राज्य सरकार पूरी वचनबद्धता और पारदर्शिता के साथ इस लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित