बेंगलुरु , अगस्त 03 -- दलीप ट्रॉफ़ी में तिलक वर्मा को दक्षिण क्षेत्र की कमान सौंपी गई है। दक्षिण क्षेत्र के मध्य क्रम में तिलक का साथ देने के लिए कर्नाटक के करुण नायर और आर स्मरण मौजूद होंगे। एक अन्य मध्य क्रम के बल्लेबाज़ रिकी भुई को टीम की उपकप्तानी सौंपी गई है।

दक्षिण क्षेत्र की चयन समिति ने एक भी ऐसे खिलाड़ी को दल में नहीं चुना है जो श्रीलंका के ख़िलाफ़ टेस्ट दौरे के लिए भारतीय दल में शामिल है। केएल राहुल, देवदत्त पड़िक्कल, बी साई सुदर्शन और प्रसिद्ध कृष्णा भारतीय टेस्ट दल का हिस्सा हैं और श्रीलंका दौरे का अंतिम टेस्ट 23 अगस्त से 27 अगस्त तक खेला जाना है। जबकि दक्षिण क्षेत्र का पहला मुक़ाबला, 30 अगस्त से शुरू होने वाला सेमीफ़ाइनल होगा।

एन जगदीशन बतौर विकेटकीपर पहली पसंद हो सकते हैं जबकि शेख़ रशीद रिज़र्व विकेटकीपर होंगे।

चयनकर्ताओं ने तुलनात्मक तौर पर एक अनुभवहीन तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण पर भरोसा जताया है, केरल के एमडी निधीश तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण में सबसे अनुभवी गेंदबाज़ हैं जिन्होंने 51 प्रथम श्रेणी मुक़ाबले खेले हैं। अन्य दो तेज़ गेंदबाज़ विद्वत कावेरप्पा और के साई तेजा हैं। श्रेयस गोपाल (लेग स्पिन), तनय त्यागराजन (लेफ़्ट आर्म फ़िंगर स्पिन) और टी विजय (ऑफ़ ब्रेक) स्पिन गेंदबाज़ी आक्रमण में शामिल हैं।

एक बेहतरीन घरेलू सीज़न के बाद गोवा के अभिनव तेजराणा को पहली बार बुलावा आया है। तेजराणा रणजी सीज़न में पांचवें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे, उन्होंने 12 पारियों में 71.43 की औसत से 788 रन बनाए थे जिसमें चार शतक शामिल थे। पुड्डुचेरी से मात्र एक खिलाड़ी के रूप में बल्लेबाज़ी ऑलराउंडर अमन ख़ान को दल में शामिल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित