उज्जैन , सितंबर 01 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में केंद्र सरकार की कथित दलित विरोधी नीतियों के विरोध और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसपी कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।

शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता टॉवर चौक पर एकत्र हुए। यहां से पैदल मार्च करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक महेश परमार तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विभिन्न मार्गों से पैदल मार्च निकाला और एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।

घेराव के दौरान विधायक महेश परमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उसे दलित विरोधी बताया और आरोप लगाया कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद देश में दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने कथित दलित विरोधी मानसिकता और अत्याचार पर रोक नहीं लगाई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने आरोप लगाया कि सत्ता के लालच में केंद्र सरकार हर वर्ग का अपमान कर रही है। महिदपुर विधायक दिनेश जैन 'बॉस' ने आरोप लगाया कि सरकार संविधान की हत्या करने पर तुली हुई है और दलितों तथा पिछड़े वर्गों की आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

उज्जैन नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर कहा कि वास्तविक दोषियों को बचाने और आवाज उठाने वाले के खिलाफ मामला दर्ज करना शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित