फिरोजाबाद , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के लभऊआ गांव में गर्भवती महिला अंजलि की मौत के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। परिजनों द्वारा पुलिस पर अभद्रता, मारपीट और धक्का-मुक्की के आरोप लगाए जाने के बाद समाजवादी पार्टी ने पुलिस लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकोहाबाद थाने पर धरना दिया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रामजी लाल सुमन मंगलवार को पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। इसके बाद उन्होंने बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर थाना परिसर में धरना दिया।

सांसद ने आरोप लगाया कि संबंधित मामले में पूरा थाना दोषी है और सभी संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

धरने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच कर तीन दिन में कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित