चंडीगढ़/समराला , सितंबर 05 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) कार्यालय में एक बुजुर्ग दलित महिला से कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब महिला इकाई ने शनिवार को समराला में एसडीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व आप महिला इकाई पंजाब की अध्यक्ष एवं मोगा विधायक डॉ अमनदीप कौर अरोड़ा ने किया। इस दौरान महिलाओं ने बादल परिवार और कथित आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी की तथा शिअद नेता सुखबीर सिंह बादल का पुतला फूंका।
डॉ अरोड़ा ने आरोप लगाया कि बुजुर्ग महिला को केवल इसलिए कथित रूप से पीटा गया, क्योंकि उसने मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम लिया था। उन्होंने कहा कि किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और राजनीतिक कार्यालय भी कानून से ऊपर नहीं हो सकते। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस आयुक्त, एसएसपी और संबंधित अतिरिक्त उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की।
डॉ अरोड़ा ने कहा कि आप महिला इकाई महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा तथा किसी भी महिला के साथ मारपीट, धमकी या अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित