रामगढ़ , अगस्त 09 -- झारखंड के रामगढ़ में कुज्जु ओपी क्षेत्र के मुरपा श्री राम पावर प्लांट में रविवार को फर्नेस में अचानक जोरदार ब्लास्ट होने से करीब आधा दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए।
हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरातफरी मच गई। फर्नेस से निकले पिघले गर्म लोहे और आग की लपटों की चपेट में आने से कई मजदूर झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसे दो मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रविवार को प्लांट में फर्नेस के अंदर स्पंज जलाने सहित अन्य कार्य किए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक फर्नेस में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के साथ पिघला हुआ गर्म लोहा और आग की लपटें आसपास फैल गईं, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए।
हादसे में मेंटेनेंस कार्य में लगे दो मजदूर 90 प्रतिशत से अधिक झुलस गए। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रांची रेफर कर दिया। वहीं अस्पताल में भर्ती तीन अन्य मजदूरों के 40 प्रतिशत से अधिक झुलसने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद प्लांट में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। करीब आधा दर्जन अन्य मजदूरों के भी घायल होने की बात कही जा रही है। इनमें राजेंद्र महतो, परमेश्वर महतो, विजय यादव, संजय यादव और धनंजय सिंह समेत अन्य मजदूर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें कई की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा फर्नेस से जुड़े मैग्नेट संचालन और मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुआ। हालांकि फर्नेस में ब्लास्ट की वास्तविक वजह क्या थी और प्लांट में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन की ओर से भी मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित