पटना , जून 29 -- ाजधानी पटना के वार्ड-38 स्थित दरियापुर भट्ठी में सोमवार को नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने किया। यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के हजारों लोगों को उनके घर के निकट बेहतर और सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। उल्लेखनीय है कि इस स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास 21 फरवरी 2025 को एनडीए के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया था।

स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि केंद्र में दो एमबीबीएस डॉक्टर, पाँच एएनएम, एक लैब तकनीशियन, एक फार्मासिस्ट तथा एक डाटा एंट्री ऑपरेटर की तैनाती की गई है। वर्तमान में यहां दो बेड की व्यवस्था है, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां दवाइयां, चिकित्सक और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं तथा यह केंद्र स्थानीय लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने में सक्षम होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में राज्य में 11 लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही बिहार के पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी, दक्षिणी और मध्य जोन में पाँच लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर विकसित करने की योजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में जल्द ही 400 बेड की नई सुविधा शुरू होगी, जहां ऑर्थोपेडिक एवं स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर स्थापित किया जाएगा। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए राज्य के लगभग 15 हजार सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से डॉक्टरों की उपस्थिति, ओपीडी, आईपीडी, सर्जरी तथा वार्ड राउंड की निगरानी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी।

श्री निशांत ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी तथा सामुदायिक अस्पतालों को स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे राज्य के लोगों को अपने जिले में ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा मौजूद थे । इसके अलावा मंत्री के आप्त सचिव कौशलेंद्र कुमार, वार्ड पार्षद समेत स्वास्थ्य विभाग के कई भी अधिकारी मौजूद थे ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित