दरभंगा , अक्टूबर 19 -- बिहार के दरभंगा जिले से पुलिस ने एक बस से 26 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद कर एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 2 शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 27 पर सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरी चौक पर दरभंगा से पटना जा रही एक बस की तलाशी के दौरान गांजे के 13 पैकेट बरामद किए गए। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजन कुमार यादव और विभा देवी के रूप में हुई है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी मधुबनी जिले से गांजा लेकर जा रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्कर वैशाली जिला के राघोपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के निवासी हैं।पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित