दरभंगा , जुलाई 30 -- ूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की मीडिया इकाई पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), पटना की ओर से गुरुवार को दरभंगा समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में "हर घर तिरंगा" विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला (वार्ता) का आयोजन किया गया।कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट राजेंद्र कुमार, साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक, पीआईबी पटना के उपनिदेशक लौकिक पारख तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) के कलाकारों डॉ. शिप्रा और मनीष खंडेलवाल के स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से हुई।
विषय प्रवेश कराते हुए पीआईबी पटना के उपनिदेशक लौकिक पारख ने कहा कि "हर घर तिरंगा" अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि मीडिया इस संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि "हर घर तिरंगा" केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक से अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर तिरंगा फहराने तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
एसएसबी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि एसएसबी 9 से 17 अगस्त तक सीमा चौकियों पर व्यापक स्तर पर "हर घर तिरंगा" अभियान चलाएगा, जिसके तहत तिरंगा वितरण, जागरूकता कार्यक्रम और देशभक्ति आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक और राष्ट्रहित में पत्रकारिता करने की अपील की।
साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक ने कहा कि "हर घर तिरंगा" सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि पत्रकार राष्ट्रहित से जुड़े अभियानों को जन-आंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और मिथिला की धरती से इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
तकनीकी सत्र में पीआईबी पटना के मीडिया एग्जीक्यूटिव संदीप कपूर ने पीआईबी की कार्यप्रणाली, मीडिया सेवाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा फैक्ट चेक तंत्र की जानकारी दी। इसके बाद आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में पत्रकारों ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने कार्यशाला पर अपने सुझाव और फीडबैक पीआईबी को सौंपे। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो, दरभंगा के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा ने किया। इस अवसर पर पीआईबी पटना के सूचना सहायक उत्पल कांत, ज्ञान प्रकाश तथा बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित