दरभंगा , अगस्त 27 -- िहार के दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने छापेमारी कर नकली शराब बनाने के फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुए 1,368.920 लीटर स्पिरिट एवं अवैध विदेशी शराब बरामद की है। सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और सेवन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सूचना के आधार पर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने जाले थाना क्षेत्र के मस्सा गांव में छापेमारी की।उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान झाड़ी में छिपाकर रखे गए पांच बड़े ड्रमों से करीब 920 लीटर स्पिरिट तथा 375 एमएल की 105 खाली बोतलें बरामद की गईं। इसके अलावा 180 एमएल की पेट बोतलों में कुल 448.920 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।बरामद सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 14 लाख रुपये है।

श्री कुमार ने बताया कि कार्रवाई में कुल 1,368.920 लीटर स्पिरिट एवं अवैध विदेशी शराब बरामद हुई है। मामले में मुख्य अभियुक्त जितेंद्र पासवान के विरुद्ध फरारी अभियोग दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि नकली शराब के इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान एवं उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए जांच की जा रही है। जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित