दरभंगा , मार्च 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को कहा कि दरभंगा शहर की सड़क जाम को दूर करने के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर और निर्माणाधीन आरओबी के निर्माण कार्य में अब तेजी आएगी।
राजधानी पटना में बिहार के उद्योग और पथ निर्माण विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में आज एक बैठक हुई, जिसमें पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव पंकज पाल सहित पुल निर्माण विभाग के वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने बताया कि दरभंगा शहर की सड़क जाम को दूर करने के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर और निर्माणाधीन आरओबी के निर्माण कार्य में अब तेजी आएगी।उन्होंने बताया कि बैठक में 1868 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे तक (भाया दोनार चौक, कर्पूरी चौक) तथा कर्पूरी चौक से एकमी चौक तक (भाया लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक) मार्ग के अपग्रेडेशन एवं एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को लेकर विशेष चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बैठक में एलिवेटेड कॉरिडोर लोहिया चौक होते हुए पंडासराय में बन रहे आरओबी से भी जुड़ेगा, जिसके लिए सहमति बनी है।
श्री सरावगी ने बताया कि शीघ्र ही एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण की प्रगति जमीनी स्तर पर आमजन को दिखाई देने लगेगी। इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर में यातायात की बड़ी समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी तथा लोगों को सुगम आवागमन के साथ तेज कनेक्टिविटी की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि मंत्री दिलीप जायसवाल ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा निर्माण की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता न करने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित