दरभंगा , जुलाई 24 -- ुरुवार को छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा, पत्थरबाजी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दरभंगा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।पुलिस ने अब तक 32 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजीव कुमार ने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पहचान होते ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वीडियो एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान हो रही है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा, पत्थरबाजी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल सभी लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शांतिपूर्ण प्रदर्शन की आड़ में उपद्रव फैलाने, पथराव करने तथा सार्वजनिक एवं सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने वालों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और आने वाले दिनों में मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित