दरभंगा , अप्रैल 11 -- बिहार में दरभंगा के ऐतिहासिक तालाबों को बचाने का मुद्दा अब सर्वोच्च न्यायालय पहुंच गया है।

"तालाब बचाओ अभियान (टीबीए)" की ओर से दायर याचिका में शहर के गंगा सागर, दिग्घी और हराही तालाबों में हो रहे अवैध भराई और निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि इन तालाबों में मिट्टी डालकर भराई की जा रही है और विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जो पर्यावरण नियमों का उल्लंघन है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यह कार्य सरकारी एजेंसियों या उनके ठेकेदारों के माध्यम से कराया जा रहा है।

याचिकाकर्ता ने सर्वोच्च न्यायालय से मांग की है कि तालाबों में चल रहे सभी अवैध कार्यों को तुरंत रोका जाए। अतिक्रमण और मलबा हटाकर तालाबों को उनके मूल स्वरूप में बहाल किया जाए। राष्ट्रीय हरित अधिकरण के पूर्व आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाए। तालाबों के आसपास किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को अवैध घोषित किया जाए और इसके अलावा, एक स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति बनाकर पर्यावरणीय नुकसान का आकलन करने और सुधारात्मक कदम उठाने की भी मांग की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित