पटना , अक्तूबर 03 -- थ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने शनिवार को दरभंगा सहित राज्य की कई प्रमुख राष्ट्रीय उच्च पथ परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में दरभंगा से संबंधित सड़कों एवं पुलों के निर्माण कार्यों का उन्होंने विस्तृत जानकारी ली और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने एवं उनके अनुमोदन की प्रक्रिया में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री इं. शैलेंद्र ने दरभंगा-जयनगर (किमी 31 से किमी 54, पैकेज-सेकेंड, एनएच-527 बी) से संबंधित लगभग 38 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना के डीपीआर को शीघ्र तैयार कर सक्षम स्तर पर स्वीकृति के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही,मशरक-चकिया-भिठामोड़ (एनएच-227 एवं एनएच-227 ए-राम जानकी मार्ग) की लगभग 146 किलोमीटर लंबी महत्वपूर्ण परियोजना को उच्च प्राथमिकता पर रखते हुए एक सप्ताह के भीतर इसका डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने के लिए कहा।
समीक्षा के दौरान अरवल (किमी 0) से बिहारशरीफ (किमी 89) तक एनएच-33 (पुराना एनएच-110) की कुल 89 किलोमीटर लंबी परियोजना के डीपीआर एवं अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के भी निर्देश मंत्री इं. शैलेंद्र ने दी।
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाना और डीपीआर अनुमोदन एवं निर्माण कार्य में लगने वाले समय को कम करना था। इस दौरान अभियंता प्रमुख, उत्तर बिहार के मुख्य अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ के मुख्य अभियंता, बीएसआरडीसीएल के मुख्य महाप्रबंधक और पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक सहित विभागीय पदाधिकारी प्रत्यक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित