दरभंगा , जुलाई 29 -- बिहार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा की ओर से 08 अगस्त को नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। यह मेला रामनगर स्थित सरकारी आईटीआई परिसर में सुबह 10 बजे से अपराह्न चार बजे तक आयोजित होगा।
सहायक निदेशक, नियोजन (अवर प्रादेशिक नियोजनालय) ने बुधवार को बताया कि मेले में विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले युवाओं को रोजगार एवं करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। मेले में स्थानीय एवं अन्य प्रतिष्ठानों सहित लगभग 25 नियोजकों के भाग लेने की संभावना है, जो 3000 से अधिक रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कर अपने निबंधन आईडी के माध्यम से दरभंगा जॉब फेयर के अंतर्गत भाग लेने वाले नियोजकों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 08 अगस्त को अपराह्न दो बजे निर्धारित की गई है।
विभाग ने सभी रोजगार के इच्छुक युवाओं से समय रहते पंजीकरण एवं आवेदन करने तथा मेले में अपने बायोडाटा के साथ अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित