दरभंगा , मई 13 -- बिहार के दरभंगा शहर में विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में बुधवार की चेन छीनने वाले लुटेरे को पकड़ने आए एक युवक को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि अमित कुमार सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित अपने आवास से आठ बजे सुबह दूध खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान हसनचक की ओर से बिना नंबर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। हालांकि, चेन का आधा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसे उठाने की कोशिश की, तभी अमित सिंह ने उस अपराधी को पकड़ लिया। अमित के शोर करने पर अपनी दुकान खोलने जा रहे श्रवण राम भी मदद के लिए दौड़े और बदमाशों को दबोचने की कोशिश की। इसी बीच बाइक चला रहे अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से श्रवण राम घायल हो गया। इसके बाद दोनों अपराधी बाइक से फरार हो गए।स्थानीय लोगों ने घायल श्रवण राम को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री कुमार ने बताया कि घटनास्थल से दो खोखा बरामद हुआ है।उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित