दरभंगा , फरवरी 12 -- बिहार में दरभंगा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में गुरूवार को शहर में आक्रोश देखने को मिला।
बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या करने के आरोपी को फांसी देने की मांग एवं इस जघन्य अपराध की घटना के विरोध में प्रदर्शन करने को लेकर दर्ज किए गये प्राथमिकी और प्रदर्शनकारियो की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग को लेकर आम लोगों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों के दोनार चौक, मिर्जापुर और भंडार चौक जगहों पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ऐसे जघन्य अपराधों में देरी नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई और शीघ्र सजा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून बनाए जाने चाहिए, जिससे अपराधियों में भय पैदा हो और समाज को न्याय मिल सके।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएँ हाथों में फांसी दो की तख्ती लिए हुए थे।
वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर (1) राजीव कुमार ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटा लिया है। उन्होने लोगों से कहा कानून पर भरोसा करें, दोषी को सजा जरूर मिलेगा।उन्होंने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के दिन ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने आश्वस्त किया कि कानून के तहत आरोपी को जल्द से जल्द सजा दिलाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित