दरभंगा , जुलाई 08 -- बिहार के दरभंगा जिले में पुलिस ने स्पा सेंटर की आड़ में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।क्राइम ब्रांच के पुलिस उपाधीक्षक उदय शंकर ने बुधवार को बताया कि सूचना मिली थी कि लहेरियासराय थाना क्षेत्र के जीएन गंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने संचालित "सिया स्पा" नामक स्पा सेंटर की आड़ में कथित देह व्यापार चलाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान एक ग्राहक और एक युवती को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार लोगों में तीन युवतियां, स्पा सेंटर संचालक की पत्नी, एक ग्राहक तथा स्पा सेंटर का मैनेजर शामिल हैं। गिरफ्तार चारों महिलाओं को पुलिस संरक्षण में वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है।
पुलिस उपाधीक्षक उदय शंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार युवतियां दिल्ली, गुजरात समेत अन्य राज्यों की रहने वाली हैं। उन्हें शहर के विभिन्न होटलों में ठहराया जाता था और ग्राहक मिलने पर स्पा सेंटर बुलाया जाता था। जांच के दौरान मैनेजर और एक युवती के मोबाइल फोन से कई अन्य युवतियों की तस्वीरें मिली हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार ग्राहकों को पहले मोबाइल फोन पर युवतियों की तस्वीरें दिखाई जाती थी और पसंद आने पर उन्हें स्पा सेंटर बुलाया जाता था।उन्होंने बताया कि स्पा सेंटर लगभग तीन माह पहले ही शुरू हुआ था। छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर का संचालक फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
श्री शंकर ने बताया कि मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम से साक्ष्य एवं नमूने एकत्र कराए गए हैं। एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित