दरभंगा , मई 02 -- बिहार में दरभंगा जिले लहेरियासराय थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि भिगो मुहल्ला के श्मशान घाट स्थित आम के बगीचे से एक युवक का शव बरामद किया गया है। युवक की गोली मारकर हत्या की गयी है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) राजीव कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव निवासी मो.रहमत अली के पुत्र मो. अरमान (24) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला है।

मृतक के मामा मोहम्मद परवेज ने बताया कि शुक्रवार शाम अरमान एक लड़की से मिलने होटल गया था। नाका नंबर-6 के पास 5-6 युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी।परिवार के अनुसार, अरमान ने रात करीब आठ बजे फोन कर 2,000 रूपये मांगे थे। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जगुनाथ रेड्डी जाला रेड्डी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित